Breaking
11 Feb 2026, Wed

ड्यूटी से छुट्टी पर आए पुलिस निरीक्षक की करंट लगने से मौत, घर में पुराने मकान में हुई दर्दनाक घटना

अंबिकापुर/सीतापुर — जशपुर जिले के नारायणपुर थाना में पदस्थ पुलिस निरीक्षक राम साय पैंकरा की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना 27 जुलाई को उनके गृहग्राम सुर, थाना सीतापुर क्षेत्र में घटी, जहां वे निजी कार्य से आए हुए थे।

मिली जानकारी के अनुसार, निरीक्षक राम साय पैंकरा अपने पुराने मकान में सीपेज (पानी रिसाव) को सुधारने के लिए जरूरी सामान खोजने गए थे। इस दौरान घर में रोशनी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। पुराने मकान के एक कमरे में लटक रहे खुले बिजली के तार से उनका हाथ अचानक चिपक गया। करंट लगने के कारण वे मौके पर ही गिर पड़े।

जब काफी देर तक वे बाहर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी उन्हें ढूंढते हुए पुराने मकान पहुंची। वहां उन्होंने देखा कि राम साय पैंकरा बिजली के तार से चिपके हुए हैं और तार से चिंगारी निकल रही है। उन्होंने तुरंत झाड़ू की मदद से तार को अलग किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस विभाग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सीतापुर थाना में मर्ग क्रमांक 141/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस दुखद घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार के लिए पहचाने जाने वाले राम साय पैंकरा की असामयिक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।