Breaking
11 Feb 2026, Wed

CAF के घर से एके-47 और 90 राउंड गोली चोरी, पुलिस पर उठे सवाल

अंबिकापुर में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने आरक्षक आशीष तिर्की के घर में घुसकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने न केवल सोना-चांदी के जेवरात उड़ा लिए, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एके-47 राइफल और 90 राउंड गोलियां भी पार कर दीं।

थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर चोरी

घटना गांधीनगर थाना से महज 200 मीटर दूरी पर डेरी फार्म के पास हुई, जिससे पुलिस प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। इतनी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। चोर बड़ी आसानी से घर में घुसे और कीमती सामान व हथियार चुरा ले गए, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

बलरामपुर जिले में पदस्थ हैं आरक्षक आशीष तिर्की

चोरी का शिकार बने आरक्षक आशीष तिर्की बलरामपुर जिले में पदस्थ हैं और वर्तमान में सीईओ ड्यूटी पर तैनात हैं। उनके घर से एके-47 जैसी अत्याधुनिक बंदूक और गोलियों का गायब होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

शहर में कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

इस वारदात के बाद अंबिकापुर में कानून व्यवस्था को लेकर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं। पहले से ही बढ़ते अपराधों से परेशान जनता अब और ज्यादा चिंतित हो गई है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई और हथियारों की सुरक्षा में इतनी लापरवाही क्यों बरती गई।

पुलिस कर रही जांच, लेकिन नतीजों का इंतजार

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस मामले का खुलासा कर पाती है और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल होती है।