वाड्रफनगर। यहां के जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थितो ने कब्जा जमाने मे कामयाबी हासिल की है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पश्चात मंगलवार को यहां के जनपद कार्यालय में चुने गए जनपद सदस्यों के बीच अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव सम्पन्न हुआ। जनपद अध्यक्ष के लिए हुए प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी शशि सिंह पोर्ते जनपद की नई अध्यक्ष चुनी गई है। वहीं जनपद उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध रूप से पवन कुमार जायसवाल को चुना गया है। बताया गया है कि मंगलवार को वाड्रफनगर के जनपद कार्यालय में जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनने के लिए चुनाव सम्पन्न कराया गया।
चुनाव अधिकारी एसडीएम के द्वारा तहसीलदार एवं जनपद सीईओ की उपस्थिति में चुनाव की प्रक्रिया पूरी की गई। जनपद अध्यक्ष के लिए भाजपा समर्थित शशि सिंह पोर्ते एवं कांग्रेस समर्थित जय श्री पुशम आमने सामने थे। चुनाव अधिकारी द्वारा प्रक्रिया पूरी कराई गई। मतदान पश्चात हुई मतों की गिनती में भाजपा समर्थित जनपद अध्यक्ष प्रत्याशी शशि सिंह पोर्ते को 17 मत प्राप्त हुए जबकि जय
श्री पुशाम को मात्र 7 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। 10 मतों के अंतर से शशि जनपद अध्यक्ष चुनी गई। वहीं जनपद उपाध्यक्ष पद पर पवन कुमार जायसवाल निर्विरोध निर्वाचित हुए। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता व समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की ओर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी गई।