Breaking
11 Feb 2026, Wed

थाना रघुनाथनगर पुलिस की बड़ी सफलता : अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, आरोपी सलाखों के पीछे

बलरामपुर। रघुनाथनगर पुलिस ने पैसे के लेन-देन को लेकर हुए अंधे कत्ल की गुत्थी मात्र चार दिनों में सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के इस सनसनीखेज मामले में आरोपी ने अपने परिचित की गला दबाकर हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया था।

घटना का खुलासा
दिनांक 30 अगस्त को ग्राम चपोता के रेंट नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव के पास संघर्ष के निशान, टूटा हुआ चाकू और मृतक की मोटरसाइकिल मिलने से हत्या की आशंका गहराई। पुलिस जांच में मृतक की पहचान शिवराज सिंह पिता जमुना सिंह उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम पंडरी थाना माडा जिला सिंगरौली (म.प्र.) के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी  के निर्देशन में जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल एनालिसिस से संदेही की पहचान सियाचंद वैश्य (43 वर्ष), निवासी भावखंड थाना माडा जिला सिंगरौली (म.प्र.) के रूप में हुई।

लेन-देन बना वजह
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने मृतक से करीब दो वर्ष पूर्व 7.50 लाख रुपये 5% ब्याज पर उधार लिए थे, जो बढ़कर लगभग 15 लाख रुपये हो गए थे। मृतक लगातार पैसा वापस करने का दबाव बना रहा था। इससे क्षुब्ध होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची।

हत्या की वारदात
30 अगस्त को दोनों सेमरिया गांव में मिले और साथ में ग्राम चपोता पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने मृतक पर चाकू से हमला किया, लेकिन झड़प में चाकू टूट गया। इसके बाद आरोपी ने मृतक का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया। आरोपी मृतक के जेब से 50 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया।

बरामदगी व गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, मोटरसाइकिल, हेलमेट, मोबाइल सेट और लूटे गए 50 हजार रुपये बरामद किए। आरोपी को 3 सितंबर की शाम गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।

जांच दल का योगदान
पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी देवेंद्र ठाकुर, चौकी प्रभारी सुभाष कुजूर, जुगेश जायसवाल की टीम ने किया।