Breaking
21 Mar 2026, Sat

रघुनाथ नगर के मासूमों की गुहार – खस्ताहाल स्कूल रोड बने हादसों का कारण, प्रशासन मौन- आखिर जिम्मेदार कौन

रघुनाथ नगर।
गाँव की प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के मासूम बच्चे इन दिनों स्कूल पहुँचने के लिए रोज़ाना जान जोखिम में डालकर खस्ताहाल सड़क पर चलने को मजबूर हैं। टूटी-फूटी और कीचड़ भरी सड़क बच्चों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन चुकी है, लेकिन अफसोस कि प्रशासन अब तक गहरी नींद में है।

बच्चों ने अब खुद सड़क निर्माण के लिए आवाज़ उठाई है। वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने गाँव के सरपंच और प्रशासन से विनती की है कि स्कूल रोड की तत्काल मरम्मत कराई जाए। मासूम छात्र-छात्राओं का कहना है – “हमें स्कूल जाना है लेकिन रास्ता बहुत खराब है, कृपया हमारी सड़क बनवा दीजिए।”

स्थानीय ग्रामीणों ने भी बच्चों की इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि शिक्षा पाने के लिए जाने वाले नन्हें बच्चों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण सड़क लंबे समय से जर्जर है, बरसात में यह कीचड़ और गड्ढों का दलदल बन जाता है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

अब सवाल यह है कि क्या मासूम बच्चों की गुहार से प्रशासन की नींद खुलेगी या फिर जिम्मेदार अफसर और सरपंच मौन ही बने रहेंगे?