Breaking
13 May 2026, Wed

सरगुजा संभाग में सक्रिय हुआ फर्जी पत्रकारों का गिरोह,डरा-धमकाकर सरपंच, सचिव और धान समिति प्रबंधकों से वसूली का आरोप

सरगुजा: सरगुजा संभाग में इन दिनों फर्जी पत्रकारों का एक गिरोह सक्रिय हो गया है, जो गांव-गांव और धान उपार्जन केंद्रों में घूमकर सरपंचों, सचिवों और समिति प्रबंधकों को डराकर उनसे पैसे की मांग कर रहा है। इन तथाकथित पत्रकारों की गतिविधियों से न सिर्फ प्रशासनिक अमले में दहशत है, बल्कि असली और ईमानदार पत्रकारों की छवि भी धूमिल हो रही है।
इसी कड़ी में आज सरगुजा जिले के केरजू धान समिति केंद्र में एक गंभीर मामला सामने आया। आरोप है कि मधु कुर्रे नामक युवती अपने दो अन्य साथियों के साथ समिति केंद्र पहुंची और समिति प्रबंधक पर दबाव बनाकर पैसों की मांग करने लगी। समिति प्रबंधक के अनुसार, उन्हें धमकाया गया और मानसिक रूप से परेशान किया गया, जिससे मजबूर होकर उन्होंने पत्रकारों से मदद की गुहार लगाई।
समिति प्रबंधक का कहना है कि यह घटना सिर्फ उनके साथ ही नहीं, बल्कि कई अन्य समितियों में भी इसी तरह की हरकतें की जा रही हैं। फर्जी पत्रकार बनकर वसूली करना एक संगठित अपराध का रूप लेता जा रहा है।
स्थानीय पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और प्रशासन से आग्रह किया है कि ऐसे फर्जी तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारिता की गरिमा बनी रहे और निर्दोष लोगों को डराकर पैसा वसूलने वालों पर लगाम लग सके।