ओम की रिपोर्ट : बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चपोता में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रेड नदी में एक युवक की लाश संदिग्ध अवस्था में तैरती हुई देखी गई। नदी किनारे मृतक की बाइक भी बरामद हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही रघुनाथनगर थाना प्रभारी देवेंद्र ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के मांडा थाना क्षेत्र, ग्राम पंचायत पंडरी के खोटाटोला निवासी शिवराज सिंह के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार मृतक के पिता ब्याज पर रुपए देने का काम करते थे और उन पैसों की वसूली का जिम्मा शिवराज सिंह संभालता था। बीते शनिवार सुबह करीब 8 बजे से वह घर से बिना बताए अपनी बाइक लेकर निकला था। इसके बाद से उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिजनों ने कई बार कॉल किया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका में परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे।

इसी बीच रविवार सुबह ग्रामीणों ने रेड नदी में एक लाश तैरते हुए देखी और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके से बाइक बरामद कर नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया और शव की शिनाख्त कराई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवराज सिंह की हत्या की गई है। उनका आरोप है कि ब्याज के पैसों की वसूली को लेकर जिन लोगों से लेन-देन चल रहा था, उन्हीं लोगों ने अपहरण कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया होगा।

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। वहीं, पुलिस ने मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल (CDR) निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि उसके अंतिम संपर्क और लोकेशन का पता चल सके।
थाना प्रभारी देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है। चाहे आरोपी कोई भी हो, जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव और आसपास के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।


