रघुनाथनगर (बलरामपुर):
क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के गृह निवास से महज 7-8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित रघुनाथनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। इलाके का यह प्रमुख अस्पताल डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की भारी कमी से जूझ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय और सफाईकर्मियों की गंभीर कमी है।
भव्य भवन, बदहाल व्यवस्था
रघुनाथनगर CHC की इमारत भले ही भव्य और बड़ी हो, लेकिन आवश्यक चिकित्सा सेवाएं बुरी तरह चरमरा चुकी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में पदस्थ कई डॉक्टरों को अन्यत्र संलग्न करवा दिया गया है, जिससे वे नियमित रूप से ड्यूटी नहीं कर रहे। वहीं, शेष कर्मचारी भी आवश्यकता के अनुपात में बेहद कम हैं।
जनता में नाराजगी
स्वास्थ्य सेवाओं की इस दुर्दशा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब विधायक का गृह क्षेत्र होने के बावजूद अस्पताल की स्थिति नहीं सुधर पा रही, तो बाकी इलाके की हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ग्रामीणों ने यह सवाल उठाया है कि क्या यह अस्पताल सिर्फ एक इमारत दिखाने के लिए बना है या फिर वास्तव में आमजन की चिकित्सा सुविधा के लिए?
जनहित में मांग
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति में तत्काल सुधार किया जाए। सभी आवश्यक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की स्थायी पदस्थापना सुनिश्चित की जाए ताकि क्षेत्रवासियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।



